कुरुक्षेत्र, हरियाणा – हरियाणा के विधानसभा चुनावी प्रचार के बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। कुरुक्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए CM योगी ने कांग्रेस पर झूठे वादे करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने कहा था कि चुनाव के बाद ‘खटाखट योजना’ के माध्यम से एक लाख रुपए देंगे, लेकिन आज राहुल गांधी खुद मैदान छोड़कर भाग चुके हैं।”
योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार की उपलब्धियों पर जोर देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य में हाईवे, रेलवे और फ्लाईओवर जैसे बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा, “बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिला है। डबल इंजन की सरकार उन ‘महिषासुर’ और ‘चंड-मुंड’ के लिए मां भगवती की तरह है, जो नशे के व्यापार में लिप्त हैं और देश को निगलना चाहते हैं।”
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए CM योगी ने कहा, “समाज को मत और मजहब के नाम पर बांटना कांग्रेस के डीएनए का हिस्सा है। देश को कमजोर करने के लिए यह उनकी रणनीति है। देश कमजोर होगा तो सनातन समाज भी कमजोर होगा, और अगर सनातन समाज कमजोर हो गया, तो आने वाली पीढ़ियाँ भी खराब हो जाएंगी। इसी वजह से कांग्रेस पूरी ताकत से जुटी रहती है।”
रैली में CM योगी ने हरियाणा में भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया और कहा कि राज्य की जनता तीसरी बार डबल इंजन सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने हरियाणा के चहुंमुखी विकास की दिशा में भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और जनता से समर्थन की अपील की।