राजनीति

FCRA और परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार पर बरसे अखिलेश यादव: कहा— ‘संस्थाओं पर कब्जे और विपक्ष को डराने की साजिश’

बोले—संस्थाओं को डराने की कोशिश, सवालों से भाग रही भाजपा सरकार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संसद परिसर में मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ‘परिसीमन बिल’ (Delimitation Bill) और ‘एफसीआरए बिल’ (FCRA Bill) का पुरजोर विरोध कर रही है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार इन कानूनों के जरिए संवैधानिक व सामाजिक संस्थाओं पर कब्जा करने और अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।

एफसीआरए बिल: संस्थाओं को डराने और भू-माफियाओं को बढ़ावा देने का जरिया

अखिलेश यादव ने कहा कि जो संस्थाएं विदेशों से धन प्राप्त कर समाज सेवा का कार्य कर रही हैं, सरकार एफसीआरए के जरिए उन्हें डराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा को ‘सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी’ करार देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में खाली जमीनों और तालाबों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। अयोध्या में पंद्रह-पंद्रह मिनट में जमीनों के दाम कई गुना बढ़ाकर आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया।

काला धन और भागते पूंजीपतियों पर मौन क्यों?

सपा प्रमुख ने सरकार के पुराने वादों की याद दिलाते हुए पूछा कि देश का पैसा लेकर विदेश भागने वाले पूंजीपतियों पर लगाम लगाने के लिए सरकार के पास क्या कानून है? उन्होंने तंज कसा कि बाहर से भारत आने वाले पैसे पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं, लेकिन भारत का धन बाहर जाने पर कोई रोक नहीं है। भाजपा के सत्ता में आने से सिर्फ पैसे वालों के ‘अच्छे दिन’ आए हैं।

छात्रों पर लाठीचार्ज और सीमाओं की सुरक्षा पर सवाल

अखिलेश यादव ने दिल्ली और इलाहाबाद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, मुकदमों और पुलिसिया कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार अपने ही वादों से मुकर रही है। उन्होंने परिसीमन बिल पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं तो बदलना चाहती है, लेकिन देश की सीमाओं की रक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की वरिष्ठ नेता ममता बनर्जी की सुरक्षा में चूक और हमले को अत्यंत दुखद व निंदनीय बताया।

Related Articles

Back to top button