राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उत्तर प्रदेश में संगठन को दी नई धार
पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश की नई टीम घोषित, विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज

प्रदेश प्रभारी आशीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर रामकुमार राणा के नेतृत्व में संगठन विस्तार
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने संगठन विस्तार का बड़ा कदम उठाया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी ने पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश की नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन का मुख्य लक्ष्य एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर तक पहुंचाना है।
नई टीम, नई ऊर्जा, नया लक्ष्य
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उत्तर प्रदेश प्रभारी आशीष तिवारी तथा प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर रामकुमार राणा के नेतृत्व में संगठन के विस्तार की घोषणा की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए ठाकुर रामकुमार राणा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनभागीदारी का अभियान होगा। इसके लिए प्रत्येक पदाधिकारी को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
20 सूत्रीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प
पार्टी नेतृत्व ने कहा कि एनडीए सरकार की 20 सूत्रीय जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत ढांचे के विकास, किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के हित में संचालित योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता से सीधे संवाद स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
नई कार्यकारिणी को मिली अहम जिम्मेदारियां
घोषित कार्यकारिणी में पंकज पाण्डेय को संगठन मंत्री, विनोद त्रिपाठी को क्षेत्रीय प्रभारी (गोरखपुर), रविकांत पाण्डेय को वाराणसी-चंदौली जिला प्रभारी, रवि तिवारी को महामंत्री, कुंदन सिंह को महासचिव, दिलीप कुमार को गाजीपुर जिलाध्यक्ष, पवन मिश्रा को सचिव, अलका जी को संगठनात्मक दायित्व तथा धीरज गिहार को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं आशीष तिवारी को उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं ठाकुर रामकुमार राणा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत
पार्टी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी संगठन को नई गति और नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि विकास आधारित राजनीति, संगठन की मजबूती और जनता के साथ सतत संवाद के माध्यम से राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा तथा एनडीए को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



