फ्री हेल्थ चेकअप और विशेषज्ञों की सलाह से जागरूक हुआ स्कूल परिवार
मदर्स डे पर बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में हेल्थ अवेयरनेस वर्कशॉप, माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, शहीदपथ द्वारा मदर्स डे के अवसर पर स्कूल परिसर में हेल्थ अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य माताओं और परिवारों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, माताओं और स्कूल समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक श्री सी.डी. पांडेय और प्रधानाचार्या सुश्री उजमाना मसीह ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने माताओं के स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार की नींव एक स्वस्थ मां से ही मजबूत होती है।

वर्कशॉप में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ की विशेषज्ञ डॉक्टरों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. प्रीति शर्मा (मेंटल हेल्थ एंड बिहेवियरल साइंसेज) और डॉ. सुमेधा गुप्ता (ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी) ने महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, पोषण और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर से जुड़े कई जरूरी विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आई चेकअप, BMI, ECG, कोलेस्ट्रॉल, कैल्शियम और यूरिक एसिड जांच शामिल रही। इसके अलावा चिकित्सकों, डाइटिशियन और डेंटिस्ट द्वारा मुफ्त परामर्श भी दिया गया।
मदर्स डे को खास बनाने के लिए स्कूल के विद्यार्थियों ने माताओं को समर्पित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों को हेल्दी फैमिली प्रिविलेज कार्ड भी प्रदान किए गए, जबकि अतिरिक्त पैथोलॉजिकल जांच पर विशेष छूट दी गई।



