लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज का ऐतिहासिक कायाकल्प: ₹18 करोड़ का स्टेडियम, नए कोर्सेज और स्मार्ट क्लासेस से बदलेगी सूरत

प्रबंधक डॉ. आर.के. सिंह का बड़ा कदम: 20 साल के रुके भुगतान किए पूरे, बड़े पैमाने पर हुई स्टाफ की भर्ती
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।
गोलगंज स्थित उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित क्रिश्चियन अल्पसंख्यक संस्थान लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज (LCDC) में अगस्त 2025 से प्रबंधक का कार्यभार संभालने के बाद डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में कॉलेज का ऐतिहासिक कायाकल्प हो रहा है। डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य कॉलेज की एकेडमिक क्वालिटी और स्टैंडर्ड को बढ़ाना है, ताकि छात्र नई प्रतिभा और आधुनिक तकनीकों के साथ शिक्षित हो सकें। इसी सत्र से कॉलेज की सभी क्लासेस को पूरी तरह ‘स्मार्ट बोर्ड क्लासेस’ में तब्दील किया जा रहा है। इसके साथ ही कॉलेज में बेहद एडवांस और टेक्निकल ‘स्मार्ट लैबोरेट्रीज’ बनाई जा रही हैं, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपने आप में एक नया कीर्तिमान होंगी।
सैकड़ों स्टाफ की भर्ती और रुके भुगतानों का निपटारा
प्रबंधक डॉ. आर.के. सिंह ने कॉलेज के प्रशासनिक और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां की हैं। उन्होंने बताया:
- डिग्री कॉलेज: यहाँ कुल 40 रिक्तियों (Vacancies) के मुकाबले 30 पदों को भरा जा चुका है, जबकि बची हुई नियुक्तियां उच्च शिक्षा कमीशन के माध्यम से प्रक्रियाधीन हैं।
- क्लास 3 व टेक्निकल स्टाफ: प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों को गति देने के लिए 12 पदों पर भर्ती पूरी कर ली गई है।
- क्लास 4 (चपरासी व सेवादार): कॉलेज की व्यवस्थाओं के लिए 15 नए सेवादारों को नियुक्त किया गया है।
- बी.एड. कॉलेज: यहाँ भी 12 रिक्तियों के खिलाफ जरूरी नियुक्तियां की जा चुकी हैं और महज 3 पद कमीशन के माध्यम से भरे जा रहे हैं।
इसके अलावा, कॉलेज प्रबंधन ने कर्मचारियों के हित में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पिछले 20 सालों से रुके हुए पीएफ (PF), पेंशन और अन्य भुगतानों को अपने अथक प्रयासों से क्लियर कर दिया है, जिससे स्टाफ में खुशी की लहर है। साथ ही, तीन मृतक आश्रितों को भी कॉलेज में सरकारी नियमों के तहत नौकरी दी गई है।
लॉन्च हुए नए कोर्सेज और ₹18.20 करोड़ का मिनी स्टेडियम
कॉलेज में छात्रों के भविष्य को देखते हुए कई नए रोजगारपरक और उच्च स्तरीय कोर्सेज की शुरुआत की गई है। कॉलेज में अब एमएससी (बायो), एमएससी (जूलॉजी), एमएससी (बॉटन), एम.कॉम और फिजिकल बी.एड (B.P.Ed) के साथ-साथ इंटीग्रेटेड बी.एड कोर्स भी शुरू कर दिया गया है।
प्रबंधक ने एक और बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से कॉलेज परिसर के अंदर 18 करोड़ 20 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से एक अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इस स्टेडियम में टी-20 (T-20) जैसे छोटे और पेशेवर क्रिकेट मैच भी आयोजित हो सकेंगे, जो लखनऊ के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बड़ी बात है।
पाइपलाइन में हैं ‘लॉ’ और ‘बीबीए’ जैसे नए कोर्सेज
इंफ्रास्ट्रक्चर के स्तर पर पूरे कॉलेज की मरम्मत (Repairing) और पेंटिंग कराई जा रही है। साथ ही टॉयलेट्स और कॉलेज ऑडिटोरियम का रेनोवेशन (नवीनीकरण) आधुनिक स्तर पर हो रहा है। कॉलेज की सभी 14 लैब्स (12+2) को नए पोर्टफोलियो, नई एक्सेसरीज और एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ अपडेट किया जा रहा है। डॉ. आर.के. सिंह ने भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए कहा कि ‘ई-लर्निंग और ई-लाइब्रेरी’ का काम भी पाइपलाइन में है, जो जल्द शुरू होगा। चूंकि अब कॉलेज के पास पूरा एकेडमिक स्टाफ मौजूद है, इसलिए आने वाले समय में बीबीए (BBA) और लॉ (LL.B.) जैसे नए कोर्सेज शुरू करने की पूरी तैयारी है ताकि लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में नए और बेहतरीन परिणाम दे सके।



