यूपी में ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा हुआ जीरो: अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, कानून-व्यवस्था को बताया ध्वस्त

गाजियाबाद से गाजीपुर तक हर दिन हो रही हत्याएं, सत्ता के संरक्षण में पल रहे अपराधी: मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। राज्य में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और खुद राजधानी लखनऊ भी अब सुरक्षित नहीं रह गई है, जहां दिन-दहाड़े बेखौफ अपराधी हत्याओं को अंजाम दे रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह से ‘जीरो’ साबित हो चुका है। अपराधियों के मन से पुलिस और प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो गया है। इसका सबसे ताजा और वीभत्स उदाहरण राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक रियल स्टेट कारोबारी की सरेआम दिन-दहाड़े हत्या कर दी गई। अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रदेश में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक हर दिन हत्या की कई-कई वारदातें हो रही हैं और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी द्वारा जारी बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में असली अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण मिला हुआ है, जिसके दम पर वे बच निकलते हैं। वहीं दूसरी ओर, राजनीतिक द्वेष और पूर्वाग्रह के चलते बेकसूर और निर्दोष लोगों को फंसा दिया जाता है। सरकार की इसी भेदभावपूर्ण नीति के कारण यूपी की कानून-व्यवस्था सुधरने के बजाय लगातार बदतर होती जा रही है।
अखिलेश यादव ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महोबा में मंगलवार को बकरी चराने गए एक व्यक्ति का शव कुएं में मिला, वहीं महोबा में ही अपने खेत की झोपड़ी में सो रहे एक मासूम किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और खुद मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था को लेकर आंकड़ों की बाजीगरी करते हैं और जनता को गुमराह करते हैं, जबकि कड़वी सच्चाई यह है कि देश में सबसे ज्यादा अपराध आज उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं।
सपा प्रमुख ने राष्ट्रीय आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं और मासूम बच्चियों के साथ होने वाले अपराधों के मामले में उत्तर प्रदेश आज देश में नंबर एक पायदान पर पहुंच चुका है। यही नहीं, दलित उत्पीड़न और उनके खिलाफ होने वाली हिंसा की घटनाओं में भी उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे ऊपर है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब तक दबंगों और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलना बंद नहीं होगा, तब तक उनका मनोबल ऐसे ही बढ़ा रहेगा। उत्तर प्रदेश से जब भाजपा सरकार हटेगी, तभी सूबे से अपराध का खात्मा होगा और कानून-व्यवस्था में वास्तविक सुधार आएगा।



