सीएस परीक्षा परिणाम में लखनऊ चैप्टर का शानदार प्रदर्शन
भव्या मौर्या ने अखिल भारतीय रैंक-20 हासिल कर परीक्षा केंद्र में किया टॉप, रीतिका कुमारी को ऑल इंडिया रैंक-22

भव्या मौर्या ने अखिल भारतीय रैंक-20 हासिल कर परीक्षा केंद्र में किया टॉप, रीतिका कुमारी को ऑल इंडिया रैंक-22
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) के कंपनी सेक्रेटरी प्रोफेशनल और एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम के परीक्षा परिणाम में लखनऊ चैप्टर के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता दर्ज कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय और परीक्षा केंद्रवार रैंकिंग में कई महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए।
प्रोफेशनल प्रोग्राम में भव्या मौर्या ने अखिल भारतीय स्तर पर 20वीं रैंक हासिल करने के साथ लखनऊ परीक्षा केंद्र में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रयागराज की रीतिका कुमारी ने ऑल इंडिया रैंक-22 और परीक्षा केंद्रवार दूसरी रैंक हासिल की। ऋषभ कुमार, आकृति अग्रवाल और मोहम्मद मुदस्सिर ने क्रमशः तीसरी, चौथी और पांचवीं परीक्षा केंद्रवार रैंक हासिल कर लखनऊ के शीर्ष पांच स्थानों पर कब्जा जमाया।
एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में भी लखनऊ चैप्टर के विद्यार्थियों ने दमदार प्रदर्शन किया। माधेसिया और सृष्टि ने परीक्षा केंद्रवार प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सिदरा अजमल और रिद्धिमा चतुर्वेदी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रोफेशनल प्रोग्राम के प्रथम समूह में 32, द्वितीय समूह में 36 और दोनों समूहों में 6 विद्यार्थी सफल हुए। एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम के प्रथम समूह में 67, द्वितीय समूह में 49 और दोनों समूहों में 5 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष मोहित चंद्र शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, निरंतर तैयारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चैप्टर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और अध्ययन का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
सफल विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में अध्यक्ष और प्रबंध समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ कंपनी सचिवों के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग को भी इस सफलता में महत्वपूर्ण बताया गया।



