गुडम्बा पुलिस का बड़ा धमाका: ₹12 लाख के सोने-चांदी के साथ 2 शातिर चोर कुकरैल जंगल से दबोचे!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
ताला तोड़कर उड़ाया था माल! लखनऊ कमिश्नरेट के थाना गुडम्बा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी चोरी का महज़ 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस टीम ने कुकरैल जंगल के पास घेराबंदी करके दो शातिर चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। इनके पास से चोरी के आलीशान सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹12 लाख से अधिक आंकी जा रही है।
बंद मकान को बनाया था निशाना मामला बीती 28 जून का है, जब कल्याणपुर निवासी प्रशांत मणि त्रिपाठी के बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात और नकदी साफ कर दी थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह और सौरव नेहवाल की टीम ने मुखबिर तंत्र और पतारसी-सुरागरसी के जरिए दोनों आरोपियों को ट्रैक किया।
कुकरैल जंगल में घेराबंदी, माल बरामद पुलिस ने सटीक सूचना पर मयंक वर्मा (19 वर्ष) और अभिषेक यादव (20 वर्ष) को कुकरैल जंगल से धर दबोचा। इनके पास से:
- सोने के आभूषण: 4 अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 2 चेन, 1 हार, कान के झुमके, सुई-धागा, लाकेट और नथुनी।
- चांदी के आभूषण: करधनी, हाफ पेटी, 8 जोड़ी पायल, कमर चेन और बच्चों के कड़े।
- अन्य: एक हाथ घड़ी और गुल्लक के सिक्के।
“साहब, गलती हो गई!” पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे बंद मकानों की रेकी करते थे। इस घर को कई दिनों से बंद देखकर उन्होंने आर्थिक लाभ के लिए धावा बोला। नकदी उन्होंने उड़ा दी, लेकिन जेवरात बेचने की फिराक में घूमते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
कामयाब टीम: SHO अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह, सौरव नेहवाल, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल प्रदीप सोनकर की इस धुआंधार कामयाबी की हर तरफ तारीफ हो रही है।



