क्राइम

फर्जी ‘डेब्ट वेवर सर्टिफिकेट’ और शुल्क वसूली गिरोह सक्रिय, आम जनता को सतर्क रहने की सलाह

: Reserve Bank of India की सख्त चेतावनी—लोन माफी के झूठे झांसे से रहें दूर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बार फिर जनता को फर्जी और भ्रामक लोन माफी अभियानों से सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि कुछ व्यक्ति और संस्थाएं विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म और सीधे संपर्क के जरिए लोगों को लोन माफी का झांसा दे रही हैं, जो पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

RBI के अनुसार, ये तत्व न केवल झूठे वादे करते हैं, बल्कि ‘डेब्ट वेवर सर्टिफिकेट’ जैसे फर्जी दस्तावेज जारी करने का दावा करते हैं और सेवा या कानूनी शुल्क के नाम पर लोगों से पैसे भी वसूलते हैं। इस तरह की गतिविधियां देश की बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित करती हैं और वित्तीय संस्थानों की स्थिरता को कमजोर करती हैं।

केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा लोन माफी का दावा करना अवैध है और ऐसे मामलों में संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। RBI ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने लोन से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सीधे अपने बैंक या वित्तीय संस्थान से संपर्क करें, न कि किसी बिचौलिए पर भरोसा करें।

इसके साथ ही, ऐसे फर्जी अभियानों की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देने की सलाह दी गई है। RBI ने चेताया कि ऐसे झांसे में आने से लोगों को सीधा आर्थिक नुकसान हो सकता है और उनकी जमा राशि पर भी असर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button