राजनीति

चौधरी चरण सिंह को सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

किसानों के मसीहा को याद कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने किसानों की भलाई के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनमें जमींदारी उन्मूलन कानून सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि आज भी देश का किसान उन्हें अपना सच्चा हितैषी और मसीहा मानता है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा चौधरी चरण सिंह के विचारों और सिद्धांतों पर चलती रही है। किसानों के सम्मान और विकास के लिए सपा सरकारों ने लगातार काम किया। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2016 को समाजवादी सरकार ने ‘किसान वर्ष’ घोषित किया था और अपने कार्यकाल में बजट का बड़ा हिस्सा गांवों और किसानों के विकास के लिए समर्पित किया था।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, पूर्व विधायक विजय पासवान सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचार आज भी किसानों और ग्रामीण भारत के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही किसानों और गरीबों का सशक्तिकरण संभव है।

Related Articles

Back to top button