शिक्षा

यूपी मदरसा बोर्ड का रिजल्ट घोषित

80 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं थे पंजीकृत

— निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

Om Prakash Rajbhar और Danish Azad Ansari ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा आयोजित मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। छात्र अपना परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट मदरसा बोर्ड वेबसाइट पर देख सकते हैं।

इस वर्ष कुल 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 63,211 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 17,722 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी 277 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी निगरानी सीधे मदरसा बोर्ड मुख्यालय से की गई।

सेकेंडरी और आलिम परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न

छात्रों को मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

सेकेंडरी यानी मुंशी-मौलवी परीक्षा में 62,232 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 47,036 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा में दीनियात, फारसी/अरबी, उर्दू साहित्य, जनरल इंग्लिश और हिंदी अनिवार्य विषय रहे। इसके अलावा गणित, विज्ञान, सोशल स्टडीज और गृह विज्ञान जैसे विषय वैकल्पिक रूप में शामिल किए गए।

वहीं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में 18,701 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 16,175 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इस स्तर पर भी पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक विषयों को जोड़ा गया, ताकि छात्रों को बेहतर अवसर मिल सकें।

मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं 9 फरवरी से 14 फरवरी 2026 के बीच प्रदेशभर के 277 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा किया गया था।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर और दानिश आजाद अंसारी ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने असफल छात्रों से निराश न होने और दोबारा मेहनत कर आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार मदरसा शिक्षा को आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button