राजनीति

यूपी चुनाव: मायावती का ‘ब्राह्मण कार्ड’, विरोधियों के खेमे में मची भारी खलबली!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव की सुगबुगाहट तेज होते ही बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बड़ा और रणनीतिक दांव खेल दिया है। सोशल मीडिया पर विरोधियों को ललकारते हुए मायावती ने साफ कर दिया है कि बीएसपी इस बार पूरी ताकत के साथ ‘सर्वजन’ के फॉर्मूले पर आगे बढ़ रही है। पार्टी के इस कदम ने विरोधी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी (SP) के होश उड़ा दिए हैं।

2007 के इतिहास को दोहराने का प्रचंड दावा

बीएसपी सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर हुंकार भरते हुए कहा कि जब से पार्टी ने आगामी चुनावों के मद्देनजर अपरकास्ट समाज, और उसमें से भी खासकर ब्राह्मण समाज को जोड़कर उन्हें चुनावी मैदान में उम्मीदवार बनाना शुरू किया है, तब से विपक्षी दलों में बेचैनी साफ देखी जा सकती है। मायावती ने पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि साल 2007 की तरह ही इस बार भी ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक योगदान से बीएसपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और पुराना चुनावी इतिहास फिर से दोहराया जाएगा।

‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ ही असली सुरक्षा

मायावती के अनुसार, उत्तर प्रदेश जैसी विशाल आबादी वाले प्रदेश में अपरकास्ट और खासकर ब्राह्मण समाज का हित केवल और केवल बीएसपी में ही सुरक्षित है। उन्होंने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा:

“बहुजन समाज पार्टी ने अपने ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के सिद्धान्त, नीयत और नीति को न केवल कागजों पर रखा, बल्कि सरकार बनने पर ब्राह्मण समाज को भरपूर आदर-सम्मान के साथ हर स्तर पर पूरी-पूरी भागीदारी देकर साबित भी किया है।”

उन्होंने आगे जोड़ा कि दूसरी पार्टियों के शासनकाल में इस वर्ग के लोग पिछले काफी समय से खुद को बेहद उपेक्षित, असुरक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

‘जिसकी जितनी तैयारी, उसकी उतनी भागीदारी’

मायावती ने स्पष्ट किया कि बीएसपी में केवल ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि अपरकास्ट के अन्य समाजों जैसे क्षत्रिय, वैश्य आदि को भी उनके जुड़ाव और तैयारी के आधार पर चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि बीएसपी दूसरी पार्टियों की तरह जनता को ‘लॉलीपाप’ थमाने की संकीर्ण, खोखली और स्वार्थ की राजनीति नहीं करती है, बल्कि पूरे समाज का कल्याण करना अपना संवैधानिक कर्तव्य समझती है।

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सर्वोपरि

बयान के अंत में मायावती ने जोर देकर कहा कि बीएसपी की नीतियां और कार्यक्रम हमेशा जनहित, जनकल्याण, सख्त अपराध नियंत्रण और मजबूत कानून-व्यवस्था के मामले में देश और जनता के हित में सर्वश्रेष्ठ साबित हुए हैं। इसी मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड के साथ बीएसपी एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालने को तैयार है।

Related Articles

Back to top button